देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल की कार्य प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से आवागमन हेतु वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही संचालित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और इसे अगले 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने राज्य में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कई परियोजनाएं तेजी से लागू की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ और दुर्गम इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।