धामी सरकार में आस्था का नया कीर्तिमान, CharDham Yatra ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड

  • चारधाम यात्रा ने तोड़ा रिकॉर्ड, 56.18 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
  • 2023 का आंकड़ा पीछे छूटा, देवभूमि में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद; बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं को माना जा रहा बड़ी वजह

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम कर लिया है। चारधाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है। यह अब तक चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सबसे बड़ी संख्या है।

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में इस वर्ष देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लगातार बढ़ती संख्या को उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण और श्रद्धालुओं के विश्वास के तौर पर देखा जा रहा है।

व्यवस्थाओं पर रहा जोर

यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत किया। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।

चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के पीछे बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार को भी अहम माना जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना विकास ने यात्रा सुविधाओं को नया आधार दिया है।

सीएम धामी बोले—हर श्रद्धालु हमारा अतिथि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो।

मुख्यमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन में जुटे प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की।

56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार करना उत्तराखंड के लिए सिर्फ एक नया रिकॉर्ड नहीं, बल्कि चारधाम यात्रा के बढ़ते धार्मिक और आध्यात्मिक आकर्षण की बड़ी तस्वीर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *