देहरादून में ‘मन की बात’ सुनते हुए सीएम धामी बोले—यह कार्यक्रम देश को देता है आगे बढ़ने की प्रेरणा – Satya Voice

देहरादून में ‘मन की बात’ सुनते हुए सीएम धामी बोले—यह कार्यक्रम देश को देता है आगे बढ़ने की प्रेरणा

देहरादून । मोथरोवाला क्षेत्र में रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम देशवासियों के लिए बेहद प्रेरणादायक मंच बन चुका है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े प्रेरक कार्यों को सामने लाया जाता है, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को मंच मिलने से समाज में सकारात्मक बदलाव का वातावरण तैयार हुआ है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विज्ञान, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में “डबल इंजन” की सरकार के चलते विकास कार्यों को नई गति मिली है। सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे दूरस्थ इलाकों का भी तेजी से विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास पर जोर देते हुए कहा कि राज्य “विकसित भारत” के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि “उत्तराखंड का दशक” बनाने के संकल्प पर राज्य सरकार लगातार काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की संस्कृति, आस्था और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सख्त दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *