हेमकुंड साहिब यात्रा 2026: 23 मई को खुलेंगे कपाट, 20 मई को पहले जत्थे की विदाई—सीएम धामी को दिया निमंत्रण – Satya Voice

हेमकुंड साहिब यात्रा 2026: 23 मई को खुलेंगे कपाट, 20 मई को पहले जत्थे की विदाई—सीएम धामी को दिया निमंत्रण

देहरादून । उत्तराखंड में आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और लगातार निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस पावन यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 मई को पहले जत्थे का पारंपरिक विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व ‘पंज प्यारों’ द्वारा किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचकर गुरु गोबिंद सिंह की पावन तपोभूमि के दर्शन करते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, जिसके मद्देनज़र राज्य सरकार और ट्रस्ट द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *