उत्तराखंड को नई ट्रेन की सौगात, अश्विनी वैष्णव ने किया ‘रामनगर देहरादून एक्सप्रेस’ का शुभारंभ

उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार रामनगर को राजधानी देहरादून के लिए सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा की सौगात मिली है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया. सीएम धामी ने भी वर्चुअली रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दी.

रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद अनिल बलूनी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि, यह सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं के विकास, पर्यटन और रोजगार को नई रफ्तार देने वाला कदम है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस ट्रेन को सप्ताह में छह दिन चलाने और रामनगर से दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने के प्रयास भी तेजी से किए जाएंगे.

RAMNAGAR DEHRADUN EXPRESS

रामनगर रेलवे स्टेशन पर नई रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और रेलवे अधिकारी इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बने, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और हरी झंडी दिखाकर रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया.

सीएम धामी ने कहा कि, यह नई रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी. इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और यह नई ट्रेन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

RAMNAGAR DEHRADUN EXPRESS

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि, उनका अगला लक्ष्य इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में केवल दो दिन के बजाय छह दिन कराना है. इसके अलावा रामनगर से दिल्ली के लिए एक सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को राजधानी तक तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सके.

उन्होंने यह भी बताया कि कंडी मार्ग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. उनका कहना था कि केंद्र और राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *