देहरादून । कालसी क्षेत्र के क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, संवेदनशील और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने घायलों के परिजनों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर वहां उपचाराधीन घायलों को भी समुचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का निःशुल्क और समुचित इलाज राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।