QS World university Ranking 2026: रिकॉर्ड 54 भारतीय संस्थानों ने दर्ज कराई मौजूदगी, IIT दिल्ली देश में टॉप पर

नई दिल्ली: भारत ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में अब तक की सबसे बड़ी छलांग लगाते हुए रिकॉर्ड 54 संस्थानों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। गुरुवार को जारी रैंकिंग्स में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने देश के भीतर शीर्ष स्थान हासिल किया है।

IIT दिल्ली ने अपनी रैंकिंग में शानदार सुधार करते हुए पिछले साल के 150वें स्थान से छलांग लगाकर 123वीं रैंक हासिल की है, जो अब तक की उसकी सर्वश्रेष्ठ वैश्विक रैंकिंग है। इस बार उसने IIT बॉम्बे को पीछे छोड़ दिया है, जो पिछले साल भारत का सर्वोच्च रैंकिंग वाला संस्थान था, लेकिन इस बार 118वें से फिसलकर 129वें स्थान पर आ गया है।

IIT मद्रास ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और 227वें स्थान से 47 पायदान ऊपर चढ़कर 180वीं रैंक पर पहुंच गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारत ने QS रैंकिंग में “अभूतपूर्व वृद्धि” दर्ज की है। पिछले एक दशक में 390 प्रतिशत वृद्धि के साथ भारत G20 देशों में सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला देश बन गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “2014 में सिर्फ 11 संस्थानों से लेकर अब 2026 में 54 तक पहुंचना मोदी सरकार की पिछले दस वर्षों की शिक्षा सुधारों का प्रमाण है। नई शिक्षा नीति (NEP 2020) भारतीय शिक्षा प्रणाली को सिर्फ बदल नहीं रही, बल्कि क्रांतिकारी रूप दे रही है।”

इस साल 8 भारतीय संस्थानों ने पहली बार रैंकिंग में एंट्री की, जो किसी एक देश की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही भारत अब अमेरिका, ब्रिटेन और चीन के बाद सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला चौथा देश बन गया है।

QS के अनुसार, सूची में शामिल लगभग 48% भारतीय संस्थानों की वैश्विक रैंकिंग में सुधार हुआ है। साथ ही 5 भारतीय विश्वविद्यालयों ने एम्प्लॉयर रेप्युटेशन के मामले में वैश्विक टॉप 100 में जगह बनाई है।

अन्य प्रमुख भारतीय संस्थानों में शामिल हैं:

  • IIT खड़गपुर – 215वां स्थान
  • IISc बेंगलुरु – 219वां स्थान
  • दिल्ली विश्वविद्यालय – 328वां स्थान

निजी विश्वविद्यालयों की भी उपस्थिति दर्ज की गई है, जिसमें BITS पिलानी को 668वां स्थान मिला है, जबकि ओ. पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी 851–900 बैंड में है।

वैश्विक स्तर पर, MIT (मासाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) ने लगातार 14वें साल शीर्ष स्थान बनाए रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *