उत्तराखंड: चमोली में भयानक जलसैलाब में बहे पुल और गाड़ी, बीआरओ कर्मी भी लापता

उत्तराखंड: भारत-चीन सीमा से सटे चमोली जिले की नीती घाटी से खौफनाक तस्वीरें सामने आई है. जहां नीती घाटी जाने वाले तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया. जिसमें वैली ब्रिज बह गया. इसके साथ ही वाहन के साथ एक बीआरओ कर्मी के भी बहने की सूचना है. वहीं, रेस्क्यू टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर शाम करीब साढ़े 5 बजे के आसपास हुई. जहां तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया. जिसमें 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज बह गया. साथ ही जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (GREF) का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058 और बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 के साथ एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुए. इस दौरान स्कॉर्पियो चालक नायक पंकज कुमार के बहने की सूचना है. जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है. स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित साइड किया गया है.

वहीं, अचानक आए तेज पानी और मलबे ने देखते ही देखते इलाके में भारी नुकसान कर दिया. पानी का बहाव इतना तेज था कि नाले पर बना वैली ब्रिज भी इसकी चपेट में आकर बह गया. इतना ही नहीं आसपास खड़ी गाड़ी भी तेज बहाव में बहती नजर आईं. कुछ ही पलों में नाले ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि आसपास का पूरा इलाका मलबे और पानी की चपेट में आ गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

पुल के बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है. बताया जा रहा है कि तमक इलाके में एक के बाद एक तीन बार अतिवृष्टि हुई. इसके बाद नाले में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया और तेज बहाव अपने साथ वैली ब्रिज को भी बहा ले गया. वहीं, मौके पर भारी बारिश एवं अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाई आ रही है. अब सुबह व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा.

CHAMOLI BRIDGE WASHED AWAY

सुरक्षा के मद्देजनर सुरईथोटा से तमक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है. साथ ही धौलीगंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सूचित किया जा रहा है. वहीं, जल विद्युत परियोजनाओं में कार्यरत संबंधित कंपनियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

घटना के बाद बीआरओ के एक कर्मचारी पंकज कुमार के लापता होने की सूचना सामने आई है. ज्योतिर्मठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी BRO के मेजर से टेलीफोन पर बातचीत हुई है. मेजर की ओर से एक कर्मी के लापता होने की जानकारी दी गई है. अचानक आई तेज बारिश और पानी के बढ़े बहाव के बाद उसका पता नहीं चल पाया. आशंका है कि वो तेज पानी के बहाव में बह गया हो.

CHAMOLI BRIDGE WASHED AWAY

वहीं, वीडियो में तेज बहाव की चपेट में आकर एक पिकअप वाहन बहता हुआ दिखाई दे रहा है. जबकि, सड़क पर पोकलैंड मशीन भी पानी के बीच फंसी नजर आ रही है और ऑपरेटर उसे निकालने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है. इस दौरान वीडियो बना रहा युवक लगातार चिल्लाते हुए ‘वो बह गया…वो बह गया’ कहता सुनाई दे रहा है.

वहीं, नीति घाटी में हुई भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की ओर से नदी किनारे रह रहे लोगों को लाउडस्पीकर/अनाउंसमेंट के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग की स्थिति स्पष्ट होने तक नीती घाटी की ओर आवाजाही से बचें.

किसी भी तरह की जोखिम भरी यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी सूचना के बाद ही आगे बढ़ें. चमोली में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग की ओर से भी प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. इसी बीच नीती घाटी जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र में अतिवृष्टि फटने की घटना ने एक बार फिर डरा दिया है.

सीएम धामी ने वैली ब्रिज बहने के कारण आसपास के गांवों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से ग्रामीणों तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

वहीं, सीएम धामी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि नदी-नालों एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रखा जाए. आवश्यकता के अनुसार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए. उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए हैं. सभी संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा है.

उन्होंने बताया कि ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाला में 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह के कारण पूरी तरह बह गया है. घटना के संबंध में मिली सूचना के अनुसार नाले में अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक व्यक्ति और एक वाहन (कैंपर) के बहने की सूचना मिली है.

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं. स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की ओर से भी आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई की जा रही है. घटनास्थल पर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर मलारी की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *