उत्तराखंड में हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के बाकी 12 जिलों में खाली पड़े उप प्रधान और ग्राम पंचायत के कुछ पदों पर चुनाव होना है, जिसको लेकर उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त सुशील कुमार ने 6 जुलाई यानी सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार 15 जुलाई को उप प्रधान और ग्राम पंचायत के पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी. इसके साथ ही चुनावी कार्यक्रमों की समय सारिणी भी जारी दी गई है. खास बात यह है कि ये चुनाव एक ही दिन में संपन्न हो जाएगा.
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उप प्रधान के पद के लिए नाम निर्देशन पत्रों को प्रस्तुत किया जाना, नाम निर्देशन पत्रों की जांच, नाम वापसी, निर्वाचन चिह्न (प्रतीक) आवंटन, मतदान और मतगणना का कार्य एवं परिणाम की घोषणा- सम्बन्धित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर करायी जायेगी.

उत्तर प्रदेश पंचायत राज (सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखण्ड राज्य में यथाप्रवृत) के नियम 117 (1) में दी गई व्यवस्था के अनुसार व आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार उप प्रधान के सामान्य निर्वाचन के लिए जिला मजिस्ट्रेट द्वारा इस अधिसूचना में मतदान के लिए ग्राम पंचायत की बैठक बुलायी जायेगी. जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से संबंधित जिले की ग्राम पंचायत के उप प्रधान के पदों पर चुनाव में लिए पूरा विवरण देते हुए अपने स्तर से 7 जुलाई को सूचना जारी करेंगे, जिसकी प्रति सरकारी गजट और इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड को भेजेंगे.
सार्वजनिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय में भी कार्यक्रम चस्पा किया जायेगा. नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर आठ जुलाई से 14 जुलाई को सुबह 10 बजे से 5 बजे तक की जाएगी. इसके बाद 15 जुलाई को सुबह 08:00 बजे से 09:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में की जाएगी.
उप प्रधान और ग्राम पंचायत के चुनाव संबंधित कार्यक्रम जारी:
- 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा करने का समय रखा गया है.
- 15 जुलाई को सुबह 11बजे से 12 तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी.
- 15 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 12:30 तक नाम वापसी का समय रखा गया है.
- 15 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक चुनाव चिन्ह आंवटन का समय रखा गया है.
- 15 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान होगा.
- 15 जुलाई को 4:00 से मतगणना का कार्य शुरू होगा, जो कार्य समाप्ति तक जारी रहेगा.