देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को राज्य के लिए विकास की नई सौगात बताया है। उन्होंने कहा कि अब भारत रफ्ता-रफ्ता नहीं, बल्कि पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य को ₹12 हजार करोड़ की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे ऐलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है। साथ ही दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलेगी।

धामी ने इस अवसर को भीमराव अंबेडकर जयंती से जोड़ते हुए बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और सामाजिक समरसता में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने देशवासियों को बैसाखी और सिख नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने आधारभूत ढांचे, अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड को 21वीं सदी का दशक बताने से राज्य के विकास को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नंदा राजजात यात्रा पर आधारित स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।