हरिद्वार जिला प्रशासन की टीम ने चारधाम यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा – Satya Voice

हरिद्वार जिला प्रशासन की टीम ने चारधाम यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार प्रशासन एक्शन में है जिलाधिकारी और एसएसपी ने खुद संभाला मोर्चा… किया बैरागी कैंप से लेकर ऋषिकुल मैदान तक का निरीक्षण… साफ निर्देश—25 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हों।

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को बैरागी कैंप, चमगादड़ टापू और ऋषिकुल मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने चारधाम यात्रियों की सुविधा को लेकर तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ निर्देश दिए कि किसी भी यात्री को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रजिस्ट्रेशन और हॉल्ट कैंप से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत और शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने को कहा।मीडिया से बात करते हुए डीएम ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर खोले जाएंगे।

यहां होल्डिंग एरिया भी बनाया गया है, ताकि ज्यादा भीड़ होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित रोका जा सके। इसके अलावा नारसन बॉर्डर, बैरागी कैंप और चमगादड़ टापू में भी होल्डिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।

डीएम ने कहा कि इन सभी स्थलों पर यात्रियों के बैठने, लेटने, नहाने और खाने-पीने की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 40/60 प्रतिशत का कोटा तय किया गया है, जो जरूरत के अनुसार आगे बढ़ाया भी जा सकता है।

ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वालों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी भी तरह की असुविधा न हो।निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र मेहरा सहित पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, आपदा प्रबंधन और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ 25 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *