ब्रेक फेल होने के बावजूद चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, चारधाम यात्रियों की बस सुरक्षित

उत्तराखंड के चमोली जनपद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब चारधाम यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और आईटीबीपी जवानों की तत्परता के चलते सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदरीनाथ धाम से हरिद्वार लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस बिनाकुली गांव के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। बस में झारखंड के श्रद्धालु सवार थे, जो बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय साहस और समझदारी का परिचय दिया। उसने बस को सड़क किनारे खड़ी चढ़ाई की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन की रफ्तार नियंत्रित हो गई और बस सुरक्षित रुक गई। चालक की इस सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही 23वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

सुरक्षित बचाए जाने के बाद यात्रियों ने चालक और आईटीबीपी जवानों का आभार व्यक्त किया। घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 7 जून को टिहरी जिले में ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप चारधाम यात्रियों से भरी एक बस ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गई थी। उस दुर्घटना में बस में सवार 39 यात्रियों में से चार लोगों को मामूली चोटें आई थीं।

चारधाम यात्रा मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात और पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए वाहन चालकों तथा परिवहन विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *