- केदारनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने पीएम मोदी का जताया आभार
देहरादून/रुद्रप्रयाग। देवभूमि उत्तराखंड में स्थित श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि देवभूमि की पावन धरा पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलना अत्यंत शुभ क्षण है। उन्होंने प्रधानमंत्री के श्रद्धाभाव से भरे संदेश के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सनातन संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता को भी सशक्त बनाती है।

उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम ने आगे कहा कि प्रदेशवासी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मिलकर चारधाम यात्रा-2026 को दिव्य और भव्य बनाएंगे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ खोल दिए गए हैं।

उन्होंने इसे आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के आरंभ अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
प्रधानमंत्री ने कामना की कि बाबा केदार सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें और उनकी यात्रा मंगलमय हो।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।
