केदारनाथ धाम के कपाट खुले: “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा धाम, सीएम धामी रहे मौजूद – Satya Voice

केदारनाथ धाम के कपाट खुले: “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा धाम, सीएम धामी रहे मौजूद

  • “फूलों की वर्षा, हर-हर महादेव का उद्घोष… खुल गए बाबा केदार के कपाट, भक्ति में डूबा धाम”

केदारनाथ धाम से । ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। परंपरा के अनुसार पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।

Screenshot

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने समारोह को और अधिक दिव्य बना दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

व्यापक तैयारियों का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखें।

फूलों से सजा धाम, पुष्पवर्षा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

कपाट खुलने से पहले सुबह 5 बजे से पूजा-अर्चना की प्रक्रिया शुरू हुई। रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर और अन्य धर्माचार्यों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा संपन्न कराई। ठीक 8 बजे देव आवाहन और लोककल्याण के संकल्प के साथ कपाट खोल दिए गए।

इस मौके पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

डोली यात्रा पहुंची थी एक दिन पहले

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु

कपाट उद्घाटन के दौरान गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, डीएम विशाल मिश्रा, एसपी नीहारिका तोमर समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

(डिजिटल डेस्क)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *