Graphic Era Hill University में करंट लगने से कर्मचारी की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में एक दर्दनाक हादसे में कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान ओखलकांडा निवासी तेज सिंह बोरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह तेज सिंह बोरा को यूनिवर्सिटी भवन की छत पर सफाई कार्य के लिए भेजा गया था। आरोप है कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ही काम पर लगाया गया। इसी दौरान गीली छत पर सफाई करते समय उनका संपर्क पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट का झटका लगा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

भीमताल के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि अस्पताल की ओर से मेमो प्राप्त होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं और मामले की जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *