सीएम Dhami ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण – Satya Voice

सीएम Dhami ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।

मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि शासन व्यवस्था में भी निरंतर सुधार आता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में प्रभावी फिल्म नीति लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपा और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति से उत्तराखंड फिल्म निर्माण के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

वहीं, जन जागरण अभियान समिति के तहत विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 उत्कृष्ट योजनाओं पर आधारित आकर्षक पोस्टर मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किए। छात्राओं ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता और सामाजिक समझ विकसित करती हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

इस अवसर पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *