देहरादून में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर-यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ – Satya Voice

देहरादून में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर-यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं, जो युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेबल टेनिस ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित करने में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और भारतीय खिलाड़ी वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के साथ उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में स्थापित किया गया है, जहां राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, खेल परिषद के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *