देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सरकार सख्त नजर आ रही है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मुख्य सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्य सचिव को फोन पर निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के मानक तय किए जाएं और एसओपी जल्द तैयार कर लागू की जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। देहरादून के एसएसपी को भी शिक्षा निदेशालय की घटना में शामिल दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।