- Pushkar Singh Dhami ने बोर्ड टॉपर्स से की फोन पर बात, मेधावी छात्रों को दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा के योगेश जोशी से फोन पर संवाद कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी क्रम में उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर हरिद्वार की वंशिका से भी दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त कर पाते हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है और मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।