राष्ट्रीय हित में ऊर्जा बचत हम सभी की जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी – Satya Voice

राष्ट्रीय हित में ऊर्जा बचत हम सभी की जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ऊर्जा की बचत करें, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान होगा।

 

उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग तथा खाद्य तेल के संयमित इस्तेमाल का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे संकल्प भी देशहित में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नागरिकों की सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *