प्रियंका गांधी से ज्योति रौतेला की मुलाकात ने बढ़ाई उत्तराखंड की सियासी गर्मी, चुनाव 2027 की रणनीति पर हुई अहम चर्चा

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी बीच उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, लोकसभा सांसद एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी से हुई महत्वपूर्ण मुलाकात ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

 

नई दिल्ली स्थित प्रियंका गांधी के आवास पर हुई इस मुलाकात में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती, महिला शक्ति की भूमिका तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। ज्योति रौतेला ने प्रदेश की जमीनी परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से प्रियंका गांधी को अवगत कराया।

 

मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने महिला एवं युवा भागीदारी को कांग्रेस की ताकत बताते हुए आगामी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

 

इस दौरान ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए जल्द उत्तराखंड दौरे की इच्छा जताई।

 

 

राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस संगठन की सक्रिय रणनीति और बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देख रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस अब उत्तराखंड में महिला नेतृत्व, युवा भागीदारी और जमीनी मुद्दों के सहारे चुनावी माहौल को धार देने की तैयारी में जुट चुकी है।

 

 

इस अहम मुलाकात के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *