
मॉनसून अलर्ट के बीच माणा पहुंचे पर्यटन सचिव धिराज गर्ब्याल, बद्रीनाथ से लेकर बेनीताल तक किया निरीक्षण
उत्तराखंड में मॉनसून के ऑरेंज अलर्ट के बीच पर्यटन सचिव धिराज गर्ब्याल ने पहाड़ के अपने पहले दौरे पर साहसिक यात्रा की। गुरूपूर्णिमा के शुभ अवसर पर उन्होंने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के पश्चात बद्रीनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। सचिव ने कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद वह भारत के प्रथम गांव माणा पहुंचे, जहां हल्की बारिश के बीच पूर्व प्रधान पीताम्बर मोलपा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से पर्यटन की संभावनाओं पर संवाद किया।
यात्रा के अगले चरण में सचिव धिराज गर्ब्याल औली पहुंचे। यहां उन्होंने GMVN गेस्टहाउस के सुधार संबंधी निर्देश दिए और औली ट्रॉली के मरम्मत कार्य को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान उन्होंने नीती मार्ग पर स्थित तपोवन के तप्त कुंड का भी निरीक्षण किया। यात्रा के अंतिम पड़ाव में सचिव बेनीताल पहुंचे, जहां उन्होंने ‘बन एस्ट्रो विलेज’ परियोजना का निरीक्षण किया और इसे पर्यटन के एक नए आयाम के रूप में विकसित करने पर बल दिया।
धिराज गर्ब्याल का यह दौरा राज्य में ग्रामीण और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने की मंशा का संकेत देता है, जिसमें प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन की संभावनाओं को एक साथ जोड़ा जा रहा है।