नई दिल्ली: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के कुछ घंटों बाद संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी और दुबई, कतर की राजधानी दोहा और सऊदी अरब की राजधानी रियाद में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इन घटनाओं के बाद पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, अबू धाबी के दो निवासियों ने धमाकों की आवाजें सुनने की पुष्टि की है। इसी तरह दोहा और रियाद से भी विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अबू धाबी, दोहा और रियाद में तैनात अमेरिकी सैनिकों या सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है या नहीं।
प्रमुख सैन्य ठिकाने
- अबू धाबी: यहां United States Air Force और यूएई वायुसेना साझा रूप से Al Dhafra Air Base का उपयोग करती हैं।
- दुबई: Jebel Ali Port अमेरिकी नौसेना का मध्य पूर्व में सबसे बड़ा पोर्ट ऑफ कॉल माना जाता है, जहां अक्सर अमेरिकी विमानवाहक पोत और अन्य युद्धपोत आते हैं।
- दोहा: यहां स्थित Al Udeid Air Base अमेरिकी सेंट्रल कमांड का अग्रिम मुख्यालय है।
- सऊदी अरब: रियाद से करीब 60 किमी दक्षिण में स्थित Prince Sultan Air Base पर लगभग 2,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात बताए जाते हैं। यहां पैट्रियट मिसाइल बैटरियों और टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) सिस्टम जैसे रक्षा संसाधन मौजूद हैं।
फिलहाल संबंधित देशों या अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता भी बढ़ गई है। आगे की घटनाक्रम पर सबकी निगाहें टिकी हैं।