पौड़ी गढ़वाल। पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस आयोजन के साथ नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और एडवेंचर गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर तथा पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने महिला समूहों, स्थानीय नागरिकों, साइक्लिस्टों और एंगलरों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

फेस्टिवल के दौरान पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है और ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनपद के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी को स्वच्छ बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, मालन नदी पर पुल निर्माण, गड़िया गांव में एनसीसी अकादमी, सतपुली झील, माउंटेन म्यूजियम और तारामंडल जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देंगी।
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्रशासनिक टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर प्रमाणपत्र और योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचा रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए सरकार आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही है। नयार वैली फेस्टिवल राज्य की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन द्वारा एक ही मंच पर विभिन्न गतिविधियों का सफल संचालन कर सुव्यवस्थित प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया गया।