अजेय की देहरादून में विशेष स्क्रीनिंग, योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद – Satya Voice

अजेय की देहरादून में विशेष स्क्रीनिंग, योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

देहरादून, 20 फरवरी 2026। देहरादून स्थित आईएसबीटी क्षेत्र के द सिटी जंक्शन मॉल में माइक्रोसिनेप्लेक्स सिनेमा हॉल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म “अजेय” की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन “सवाल” सामाजिक संस्था के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल, संस्कृति एवं कला परिषद की अध्यक्षा मधु भट्ट, पुष्पा बर्थवाल, कंचन गुनसोला, आशा पैनुली, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल, स्वामी एस. चंद्र, प्रदेश प्रवक्ता महिला मोर्चा जानकी नौटियाल, डॉ. स्वाति, पूर्व प्रदेश मंत्री ऋषभ रावत, प्रीति शुक्ला, राष्ट्रीय सेविका समिति से शारदा त्रिपाठी तथा फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता सहित अनेक सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे।

फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “अजेय” केवल एक जीवनी नहीं, बल्कि संकल्प, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रेरक यात्रा का सजीव चित्रण है। उन्होंने बताया कि फिल्म का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करना है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रेरणादायक फिल्में महिलाओं और युवाओं में आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं, संस्कृति एवं कला परिषद की अध्यक्षा मधु भट्ट ने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्कृति और मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियां समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत बनाती हैं।

संस्था की अध्यक्ष लक्ष्मी बिष्ट ‘मधु’ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सवाल” सामाजिक संस्था भविष्य में भी समाजोन्मुखी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

उत्साह और गरिमा से परिपूर्ण वातावरण में आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जहां फिल्म ने उपस्थित दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *