देहरादून, 11 फरवरी 2026: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 16 फरवरी 2026 को देहरादून में विशाल राजभवन घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में आज राजीव भवन, 21 राजपुर रोड, देहरादून में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने कार्यक्रम की अपार सफलता के लिए सुझाव दिए और अब तक की तैयारियों की जानकारी साझा की। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राजेश चमोली, संजय शर्मा, अमरजीत सिंह, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, अनिल नेगी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह कार्यक्रम राज्य के जनहित के प्रमुख मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी/पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य स्थल परेड ग्राउंड होगा, जहां सुबह 11 बजे से यह आंदोलन शुरू होगा।
कांग्रेस भाजपा सरकार पर ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी, ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले जैसे गंभीर मुद्दों पर जोरदार हमला बोलेगी। गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा की जन-विरोधी, महिला-विरोधी और युवा-विरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी देहरादून में दिन-दहाड़े पुलिस की नाक के नीचे महिलाओं का गला काटा जा रहा है और व्यापारियों को गोली मारी जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “यह निकम्मी सरकार से जनता छुटकारा चाहती है। 16 फरवरी को राजभवन घेराव में सभी कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।” उन्होंने कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड पहुंचकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यह घेराव भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा जन-आंदोलन होगा, जिसका नारा “भाजपा हटाओ, प्रदेश बचाओ–उत्तराखंड बचाओ” दिया जा रहा है।