देहरादून। देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक बीसीए छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
युवती और उसका साथी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पोर्टल पर पंजीकृत नहीं थे, वहीं परिजनों को भी उनके साथ रहने की कोई जानकारी नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से खटीमा की रहने वाली थी और देहरादून के सुभाष नगर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय से बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह उसी क्षेत्र के एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। युवक भी उसी विश्वविद्यालय से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई कर चुका है।
पुलिस के मुताबिक छात्रा गर्भवती थी और कुछ दिन पहले उसकी आठ माह में सिजेरियन प्री-मेच्योर डिलीवरी कराई गई थी। नवजात शिशु की हालत नाजुक होने के चलते उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है।
रविवार को अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसका साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजन खटीमा से देहरादून पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती और उसका लिव-इन पार्टनर UCC पोर्टल पर पंजीकृत नहीं थे और दोनों ने अपने परिवार को भी रिश्ते की जानकारी नहीं दी थी। छात्रा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही परिजनों को पूरे मामले का पता चला।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।