देवभूमि उत्तराखंड के सुनियोजित विकास को लेकर MDDA मिशन मोड में, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक – Satya Voice

देवभूमि उत्तराखंड के सुनियोजित विकास को लेकर MDDA मिशन मोड में, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड को सुनियोजित, सुरक्षित और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) मिशन मोड में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में एमडीडीए उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीते तीन माह के आवासीय एवं व्यावसायिक मानचित्रों की सेक्टरवार समीक्षा की गई। इस दौरान मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही शुल्क लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए समिति गठित करने तथा अवैध निर्माणों के विरुद्ध सेक्टरवार संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शहरी सौंदर्यीकरण व आधारभूत सुविधाओं पर फोकस

बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए।

सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड को आधुनिक पार्क के रूप में विकसित करने हेतु डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मसूरी रोड वैली साइड पर लाइटिंग व्यवस्था, धर्मपुर चौक के समीप पार्क निर्माण व शिव प्रतिमा स्थापना, फुटपाथ निर्माण तथा पौधारोपण के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

लैंड पूलिंग योजना के तहत धौरण क्षेत्र में पर्यावरण-अनुकूल आवासीय योजना

लैंड पूलिंग योजना के अंतर्गत धौरण क्षेत्र में प्रस्तावित प्लॉटेड आवासीय योजना को मई 2026 तक पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से विकसित किए जाने का लक्ष्य तय किया गया। यह योजना भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

एमडीडीए द्वारा लिए गए ये निर्णय देहरादून-मसूरी क्षेत्र के नियोजित विकास, अवैध निर्माण पर नियंत्रण और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *