हरिद्वार: भारत माता मंदिर में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि प्रतिमा का अनावरण, राजनाथ सिंह-योगी-धामी रहे मौजूद – Satya Voice

हरिद्वार: भारत माता मंदिर में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि प्रतिमा का अनावरण, राजनाथ सिंह-योगी-धामी रहे मौजूद

  • हरिद्वार में भारत माता मंदिर में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि प्रतिमा का अनावरण, देशभर की राजनीतिक-धार्मिक नेतृत्व की मौजूदगी

हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की समाधि मंदिर एवं प्रतिमा स्थापना के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर समाधि मंदिर और प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।

समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज सहित देशभर से आए संत-महात्मा, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हरिद्वार भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है और राष्ट्र की सुरक्षा केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक जड़ों की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी की साधना और विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं और प्रतिमा की स्थापना उन्हीं मूल्यों के पुनर्जागरण का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी ने आध्यात्मिकता को राष्ट्र सेवा और समाज कल्याण से जोड़ा। भारत माता मंदिर राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता और सनातन चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी को सनातन परंपरा का सशक्त ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि भारत माता मंदिर जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है।

तीन दिवसीय समारोह के दौरान राष्ट्र चेतना, गुरु-शिष्य परंपरा, सनातन संस्कृति और मानव सेवा जैसे विषयों पर व्यापक विमर्श हुआ। कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय, त्रिवेंद्र सिंह रावत, ऋतु खंडूरी भूषण, गणेश जोशी, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *