देहरादून।उत्तराखंड की धामी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने का बड़ा रिकॉर्ड सामने आया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब तक 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। इस अवधि में प्रति माह औसतन 518 युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई।
04 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद से धामी सरकार ने रोजगार और कौशल विकास को प्राथमिकता दी। पहले और दूसरे कार्यकाल को मिलाकर मुख्यमंत्री का कुल कार्यकाल 54 महीने का हो चुका है।
इस दौरान लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और चिकित्सा सेवा चयन आयोग के माध्यम से हजारों युवाओं को स्थायी सरकारी रोजगार मिला।
🔍 नकल विरोधी कानून से बढ़ी पारदर्शिता
सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए धामी सरकार ने फरवरी 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इसके बाद भर्ती परीक्षाएं समय पर और बिना किसी बाधा के संपन्न हो रही हैं। पहले जहां भर्तियों में 2–3 साल लग जाते थे, अब औसतन एक साल में भर्ती प्रक्रिया पूरी हो रही है। पारदर्शिता बढ़ने से प्रतिभाशाली युवा अब एक से अधिक विभागों में चयनित हो रहे हैं।
🌍 विदेशों में भी रोजगार के अवसर
सरकार ने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के जरिए युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार के मौके दिए हैं। 9 नवंबर 2022 से शुरू इस योजना के तहत आतिथ्य, नर्सिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर में प्रशिक्षण देकर जर्मनी और जापान में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 154 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 37 युवाओं को जापान में नौकरी मिल चुकी है।
🗣️ मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए जहां रिकॉर्ड संख्या में सरकारी नौकरियां दी गईं, वहीं भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त कानून भी लागू किया गया। साथ ही कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं के जरिए भी युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।