देहरादून, 16 नवंबर 2025: कांग्रेस हाईकमान ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए उत्तराखंड इकाई में बड़े फेरबदल किए हैं। पार्टी ने अनुभवी नेता गणेश गोदियाल को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। गोदियाल की कमान में कांग्रेस ने अभी से BJP को सत्ता से बेदखल करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर देहरादून कांग्रेस भवन तक गोदियाल का भव्य स्वागत किया गया। हजारों कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं और नारों से उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस मौके पर चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि 2027 में BJP को हराने के लिए अभी से पूरी ताकत झोंकी जाएगी। गोदियाल ने कहा, “कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। पार्टी के अंदर कोई मनमुटाव नहीं रहेगा। हम एकजुट होकर BJP की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे।”
चुनावी रणनीति को धार देने के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का खाका तैयार किया जा रहा है। गोदियाल की नियुक्ति को हाईकमान का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है, जो राज्य में कांग्रेस की खोई साख को फिर से बहाल करने की दिशा में अहम कदम है।
2022 में BJP के हाथों मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अब 2027 को निर्णायक लड़ाई मानकर चल रही है। क्या गोदियाल की अगुवाई में कांग्रेस उत्तराखंड में कमबैक कर पाएगी? यह देखना रोचक होगा।