- मुंबई में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने अरिजीत सिंह और एड शीरन के गीत ‘Sapphire’ का भारतीय शास्त्रीय अंदाज़ में आनंद लिया। पीएम मोदी बोले — “भारत-यूके सांस्कृतिक साझेदारी का शानदार उदाहरण।”
नई दिल्ली।भारत और ब्रिटेन के बीच बढ़ती साझेदारी का एक अनोखा दृश्य गुरुवार को देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने साथ बैठकर अरिजीत सिंह और एड शीरन के लोकप्रिय गीत ‘Sapphire’ की प्रस्तुति सुनी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो अपने आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया और लिखा —
“एड शीरन और अरिजीत सिंह के ‘Sapphire’ का अद्भुत प्रस्तुतिकरण — भारत-यूके सांस्कृतिक साझेदारी का शानदार उदाहरण।”
कीर स्टार्मर इन दिनों दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने मुंबई के यशराज फिल्म्स (YRF) स्टूडियो का दौरा किया, जो हिंदी फिल्म उद्योग का एक प्रमुख केंद्र है। उनका यह दौरा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और रचनात्मक सहयोग को गहराई देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
मुम्बई में दोनों प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के दौरान भारत-यूके कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को ‘विजन 2035 रोडमैप’ के तहत और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री का यह दौरा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, जलवायु परिवर्तन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से है। इसके अलावा वे सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में भी हिस्सा लेंगे।
स्टार्मर के मुंबई आगमन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। वे बुधवार सुबह लंदन से मुंबई पहुंचे और सीधे अंधेरी स्थित यशराज स्टूडियो पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से बातचीत की।
संगीत, सिनेमा और कूटनीति का यह संगम भारत-यूके संबंधों को एक नई ऊंचाई देने वाला साबित हो सकता है।