दशहरा महोत्सव: परेड ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, विजयदशमी की दी शुभकामनाएं

देहरादून। विजयदशमी के पावन अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य दशहरा महोत्सव और रावण दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीराम से सभी के लिए स्वस्थ, समृद्ध और उज्ज्वल जीवन की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दशहरा केवल सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह पर्व हमें धर्म, सत्य और मर्यादा के महत्व का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रावण की अपार शक्ति और सोने की लंका होने के बावजूद उसका पतन उसके अहंकार और अधर्म के कारण हुआ। यह पर्व हमें सिखाता है कि अधर्म और अहंकार चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, अंततः उसकी हार तय है।

“21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा” – मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम से दिए गए संकल्प को दोहराते हुए कहा कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसे साकार करने की जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, कृषि और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

दीपावली से पहले व्यापारियों और उपभोक्ताओं को मिला तोहफा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जीएसटी क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए हालिया फैसले को व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए राहतकारी बताया। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय प्रदेशवासियों के लिए बड़ा तोहफा है, जिससे न केवल व्यापारियों को लाभ होगा बल्कि उपभोक्ताओं को भी सीधा फायदा मिलेगा।

सबका साथ, सबका विकास के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। डबल इंजन की सरकार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी वर्गों के लिए योजनाएं चला रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *