नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य परिसर के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद पैराडाइज डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। एफएसएसएआई के अनुसार, निरीक्षण के दौरान शराब निर्माण में एक्सपायर्ड फ्लेवर और रंगों के इस्तेमाल, खराब स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन समेत कई गंभीर कमियां सामने आईं।
शराब निर्माण में एक्सपायर्ड फ्लेवर और रंगों का इस्तेमाल
एफएसएसएआई के निरीक्षण में पाया गया कि परिसर में शराब निर्माण के दौरान एक्सपायर्ड फ्लेवर और रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था। नियामक के मुताबिक, इससे अंतिम उत्पाद की गुणवत्ता और सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका हो सकती है।
एफएसएसएआई ने कंपनी को निर्देश दिया है कि लाइसेंस निलंबन की अवधि में सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखी जाएं और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर दूर किया जाए।
परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल
निरीक्षण के दौरान परिसर की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में भी कई खामियां पाई गईं। एफएसएसएआई के मुताबिक, अंतिम मिश्रण टैंक ठीक से बंद नहीं था, जबकि बोतल साफ करने वाली मशीन पर ग्रीस और धूल जमा मिली।
इसके अलावा परिसर में टूटे हुए कांच के टुकड़े भी पाए गए। नियामक ने कहा कि कांच के प्रबंधन के लिए उचित व्यवस्था या नीति भी मौजूद नहीं थी।
लेबल में जरूरी बदलाव नहीं करने का आरोप
एफएसएसएआई के अनुसार, केंद्रीय लाइसेंसिंग प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस के बावजूद कंपनी ने उत्पाद के लेबल में आवश्यक बदलाव नहीं किए थे। इस मामले में कंपनी की ओर से दिया गया जवाब भी नियामक को संतोषजनक नहीं लगा।
निरीक्षण में कई अन्य संरचनात्मक और परिचालन संबंधी कमियां भी सामने आईं। इनमें दरवाजों की खराब फिटिंग, पर्याप्त रोशनी का अभाव, दीवारों से पेंट और प्लास्टर का उखड़ना, अस्वच्छ पैकिंग व्यवस्था और अनुचित भंडारण शामिल हैं।
कीट नियंत्रण और कर्मचारियों की स्वच्छता में भी खामियां
एफएसएसएआई ने बताया कि परिसर में कीट नियंत्रण व्यवस्था प्रभावी नहीं थी। खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर भी नियमों का पर्याप्त पालन नहीं पाया गया।
इसके अलावा चिकित्सकीय जांच और टीकाकरण के रिकॉर्ड, सुरक्षात्मक कपड़ों के इस्तेमाल, व्यक्तिगत साफ-सफाई, सफाई कार्यक्रम और उपकरणों के रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड में भी कमियां सामने आईं।
कीट नियंत्रण रिकॉर्ड, ग्राहक शिकायत निवारण व्यवस्था और समय-समय पर होने वाले खाद्य सुरक्षा प्रणाली ऑडिट से जुड़े मामलों में भी अनुपालन नहीं पाया गया।
FSSAI ने 15 दिन के लिए लाइसेंस किया निलंबित
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एफएसएसएआई ने पैराडाइज डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। कंपनी को इस अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी गतिविधियां बंद रखने और सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
Nestlé India के खिलाफ भी FSSAI की कार्रवाई
इसी दिन एफएसएसएआई ने नेस्ले इंडिया के खिलाफ उसके शिशु पोषण उत्पादों NAN Excella Pro Stage 1 और Lactogen Pro 1 से जुड़े कथित नियामकीय उल्लंघनों को लेकर तीन अलग-अलग न्यायनिर्णयन मामले भी शुरू किए।
एफएसएसएआई द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए नोटिस के अनुसार, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध इन उत्पादों और उनसे संबंधित प्रचार सामग्री की जांच के दौरान कुछ दावों पर आपत्ति दर्ज की गई थी।
हालांकि, नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी के सभी उत्पाद लागू नियमों के अनुरूप हैं।
कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, NAN Excella Pro और Lactogen Pro उत्पादों तथा उनके लेबल को एफएसएसएआई की विशेषज्ञ समिति से मंजूरी मिली हुई है। कंपनी ने नोटिस के जवाब में अधिकारियों को विस्तृत स्पष्टीकरण दोबारा सौंपा है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि लेबल पर दी गई जानकारी तथ्यात्मक है और वैज्ञानिक साहित्य से समर्थित है।