उत्तराखंड में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक-स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शुभारंभ, जुटे 14 देशों के दिग्गज

उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में इंटरनेशनल शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का भव्य आगाज हो गया है. इंटरनेशनल शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी में 14 देशों के टॉप स्केटर्स भाग ले रहे हैं. इंटरनेशनल शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आयोजन हिमाद्रि आइस रिंक में हो रहा है. इसका शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया.

इस मौके पर एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग-ही चांग विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे. चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में भारतीय संस्कृति और एशियाई एकता का अनूठा संगम देखने को मिला. खास तौर पर भारतीय स्केटिंग एसोसिएशन की ओर से तैयार किए गए ‘One Asia, One Family’ एंथम के दौरान हिमाद्रि आइस रिंक में एशिया के 14 देशों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य मार्च किया. पूरा रिंक अलग-अलग देशों के झंडों और खिलाड़ियों की मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय खेल महोत्सव में तब्दील नजर आया.

इस चैंपियनशिप में मेजबान भारत के अलावा चीन, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, हांगकांग, थाईलैंड, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया और मलेशिया समेत एशिया और क्षेत्र के कई प्रमुख देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता में एशिया के शीर्ष स्तर के स्केटर्स के साथ कई ओलंपियन और ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी भी मौजूद हैं. यही वजह है कि देहरादून में आयोजित यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यहां शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे वर्ल्ड कप और ओलंपिक क्वालिफिकेशन की राह मजबूत होगी.

चैंपियनशिप के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन का होना प्रदेश और देश दोनों के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा एशिया के एक दर्जन से अधिक देशों के खिलाड़ी आज देहरादून में अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक और सामंजस्यपूर्ण संबंधों का भी प्रतीक है. उन्होंने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक अब एक अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना चुका है. यहां इस तरह के आयोजनों की मेजबानी उत्तराखंड के खिलाड़ियों के साथ ही देश के युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के दरवाजे खोल रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड केवल आइस स्पोर्ट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि वाटर स्पोर्ट्स और अन्य साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश आज दुनिया के लिए ग्लोबल स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के तौर पर अपनी संभावनाएं सामने रख रहा है. मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल होने आए सभी खिलाड़ियों, कोच, स्पोर्ट्स ऑफिशियल्स और अन्य प्रतिनिधियों का भारत और विशेष रूप से उत्तराखंड में स्वागत किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *