नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा ने निकाली महिला जन आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल – Satya Voice

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा ने निकाली महिला जन आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउण्ड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर तक जन आक्रोश पदयात्रा में भी हिस्सा लिया।

 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका अधिकार दिलाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के अभाव में यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि षड्यंत्र के तहत महिलाओं के अधिकारों को रोका गया है। उन्होंने कहा कि देश की नारी अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएगी।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना और जन धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को लाभ मिला है। साथ ही स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा के समाप्त होने को भी महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

 

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।

 

राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

 

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *