- गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्ती, पूर्ण प्रोजेक्ट्स के जल्द हस्तांतरण के निर्देश
चमोली | संवाददाता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का ग्राउंड जीरो पर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि धाम से जुड़े सभी कार्य जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष निगरानी में तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी और अराइवल प्लाजा जैसे पूर्ण हो चुके कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने इन परियोजनाओं के शीघ्र हस्तांतरण के निर्देश देते हुए कहा कि इनका लाभ तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को जल्द मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संचालन एवं रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, ताकि परिसंपत्तियों की गुणवत्ता दीर्घकाल तक बनी रहे।
उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में विकास का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थ अनुभव प्रदान करना है। साथ ही पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखते हुए कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से मास्टर प्लान के कार्य समय पर पूरे होंगे और बद्रीनाथ धाम भविष्य में एक भव्य एवं विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।