चारधाम में यात्री संख्या सीमित न करने के फैसले का स्वागत, हितधारकों ने CM धामी का जताया आभार – Satya Voice

चारधाम में यात्री संख्या सीमित न करने के फैसले का स्वागत, हितधारकों ने CM धामी का जताया आभार

देहरादून: उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के निर्णय का व्यापक स्वागत हुआ है। चारों धामों से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, होटल एसोसिएशन, ट्रैवल एजेंसियों और अन्य हितधारकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक के दौरान तीर्थ पुरोहितों और संबंधित संगठनों ने मुख्यमंत्री को कपाट खुलने के अवसर पर चारधाम आने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा से जुड़े संगठनों ने सरकार के इस फैसले को आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और अन्य सेवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।

संगठनों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था को हमेशा खुला रखने की मांग भी रखी।

प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी। साथ ही प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों की सराहना भी की गई।

इस दौरान विभिन्न तीर्थ पुरोहित संगठनों, होटल एसोसिएशनों और अन्य संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *