देहरादून। उत्तराखंड में कौशल विकास, सड़क, पुल, शहरी विकास और टिहरी झील रिंग रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी को लेकर गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में एडीबी और राज्य सरकार के निर्माण संबंधी विभागों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में प्रदेश में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई और विभागों ने अपने प्रमुख प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण भी किया। मुख्य सचिव ने एडीबी अधिकारियों से प्रदेश में कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर स्थापित किया जाए, जहां युवाओं को प्रशिक्षण, प्रमाणन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा मिले। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित और व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को राज्य में पुल निर्माण और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों के उपचार से जुड़े प्रस्ताव एडीबी को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और पुलों का मजबूत नेटवर्क राज्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर एडीबी से वित्तपोषित कराने की बात कही गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यह परियोजना पर्यटन और संपर्क व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
बैठक में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं को भी एडीबी के सहयोग से लागू करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जिलों में पहले से जेआईसीए द्वारा वित्तपोषित परियोजनाएं नहीं चल रही हैं, वहां के प्रस्ताव एडीबी को भेजे जाएं।
शहरी विकास को लेकर भी सरकार ने नई योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव ने अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग को एडीबी की सहायता से विकसित करने की बात कही। उन्होंने ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर एडीबी को भेजने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों से कहा कि वे अपनी योजनाओं की प्राथमिकता तय करें और चरणबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव एडीबी को भेजें, ताकि समय पर स्वीकृति और वित्तीय सहायता मिल सके।
बैठक में एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने उत्तराखंड में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा नई परियोजनाओं पर तेजी से काम किए जाने पर संतोष जताया और विभागों से जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, दिलीप जावलकर तथा एडीबी के अशोक श्रीवास्तव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।