देहरादून में जुगमन्दर हॉल का लोकार्पण, 1400 करोड़ की विकास योजनाओं पर बोले सीएम धामी

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में जुगमन्दर हॉल के नवीनीकरण का लोकार्पण किया। 1400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं, पार्कों, स्मार्ट सिटी और स्वच्छता योजनाओं पर बड़ा बयान दिया।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण के तहत जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार किए गए इस कार्य को राज्य सरकार की “विकास भी, विरासत भी” नीति का हिस्सा बताया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण कार्य तथा नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक विकास दोनों के साथ आगे बढ़ रहा है।

“विकास भी, विरासत भी” पर आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से शहरों में जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित क्षेत्र, आवास और स्वच्छता को नई दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कई नई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि शहर में कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनाया गया है। कूड़ा वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, हरित देहरादून के निर्माण के लिए अब तक 35 पार्क बनाए जा चुके हैं। केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क विकसित किया गया है। वहीं वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्कों के जरिए 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया गया है।

देहरादून में इलेक्ट्रिक बसें और चार्जिंग स्टेशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए देहरादून में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान हासिल किया है।

जल्द शुरू होगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे। इससे राजधानी तक आवागमन और तेज होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और यातायात को देखते हुए सरकार पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की जा रही है।

नगर निगम का राजस्व 52 करोड़ से बढ़कर 73 करोड़

मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में निगम का राजस्व संग्रहण लगभग 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि है।

उन्होंने कहा कि पहले नगर निगम के पास 190 से 200 वाहन डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर लगभग 300 हो गई है।

अतिक्रमण मुक्त होगी सरकारी भूमि

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और नगर निगम की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना सरकार का स्पष्ट संकल्प है। उन्होंने निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस दिशा में सक्रिय कार्रवाई करने को कहा।

अंत में मुख्यमंत्री ने जनता से देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *