देहरादून: उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर है। राज्य के उभरते जिम्नास्ट शिवम और अरशद ने एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक्स की 2026 विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता Bulgaria में आयोजित होगी।
दोनों खिलाड़ी इन दिनों देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के भगीरथी हॉल में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। विश्व चैंपियनशिप को देखते हुए उनका प्रशिक्षण लगातार तेज किया जा रहा है। कोचों की देखरेख में दोनों खिलाड़ी अपनी तकनीक, फिटनेस और तालमेल को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
शिवम और अरशद की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए वर्सा स्पोर्ट्स के सुशील कुमार ने 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस सहयोग से दोनों खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण और अन्य जरूरी सुविधाएं जुटाने में काफी मदद मिलेगी।
इसके साथ ही गरुड़ा जिम्नास्टिक्स अकादमी से दीपिका भारद्वाज ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। खेल जगत से मिल रहे इस समर्थन ने दोनों खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है।
शिवम और अरशद का कहना है कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी कर रहे हैं और विश्व चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।