नई दिल्ली में शुक्रवार को CM पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग पर प्रधानमंत्री का आभार जताया और उन्हें उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को मां सुरकंडा देवी मंदिर की रेप्लिका, बद्री गाय का घी, पांच प्रकार की राजमा और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों का शहद भेंट किया। 
उत्तराखंड के विकास पर केंद्रित रही मुलाकात
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी, और चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की मंजूरी पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में बिजली की लाइनों के भूमिगतकरण, चंपावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी आधारभूत परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए भी आभार जताया।
वेडिंग डेस्टिनेशन और स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि उत्तराखंड को ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए चौपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में काम चल रहा है। वहीं रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण मंदिर पहले से लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं।
धामी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने बेल केदार, अंजनीसैंण-टिहरी और लोहाघाट-श्यामलाताल को Spiritual Economic Zone के रूप में चिन्हित किया है।
दिल्ली से ऋषिकेश तक रैपिड रेल की मांग
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से दिल्ली-मेरठ के बीच चल रही Regional Rapid Transit System परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और धार्मिक व पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रक्षा उद्योग, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट विस्तार का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए केंद्र से नीति समर्थन और प्राथमिकता मांगी। उन्होंने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में Defence Equipment Production Industrial Hub बनाने का प्रस्ताव भी रखा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रायवाला में बीआई-डक ब्रिज, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार और टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे के निर्माण की भी मांग की। उनका कहना है कि इससे हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर, पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंच आसान होगी।
रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी जोर
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के ऋषिकेश-व्यासी खंड का जल्द लोकार्पण करने का अनुरोध किया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग की मांग भी रखी गई।
उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के सामने रखा।
पीएम मोदी को उत्तराखंड आने का न्योता
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण देते हुए कई परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का प्रस्ताव रखा। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण शामिल है। वहीं पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट के शिलान्यास का प्रस्ताव भी रखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा लैंड पोर्ट बनने से भारत-नेपाल व्यापार, आवागमन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।