नैनीताल (भवाली) । मुख्य सचिव ने भवाली-रातिघाट बाईपास और कैंचीधाम क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण, जून से पहले संचालन के निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान कैंचीधाम क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भवाली बाईपास, भवाली-रातिघाट बाईपास, कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा नैनीताल मालरोड पर भू-धंसाव रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातिघाट) मार्ग का भी जायजा लिया और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पर्यटन सीजन से पहले सुचारू हो यातायात
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि भवाली-रातिघाट बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करते हुए पर्यटन सीजन से पहले इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी मोटर पुल बनने तक अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था (वैली ब्रिज) स्थापित कर यातायात चालू किया जाए।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर
उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में वर्षभर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और जाम की स्थिति से राहत मिले।
बाईपास से जाम से मिलेगी राहत
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, भवाली से सैनिटोरियम होते हुए रातिघाट तक 18.15 किमी लंबे बाईपास में से 8 किमी मार्ग तैयार कर यातायात के लिए खोल दिया गया है। शेष 10.15 किमी में कटिंग कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में सुरक्षा दीवारों व अन्य संरचनात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
रातिघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए मोटर पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। इस बाईपास के पूर्ण होने से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और पहाड़ी जिलों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
भवाली बाईपास और पुल का भी निरीक्षण
मुख्य सचिव ने सैनिटोरियम से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग तक बने भवाली बाईपास और शिप्रा नदी पर निर्मित डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग अब यातायात के लिए चालू हो चुका है, जिससे भवाली बाजार में जाम की समस्या कम होगी।
कैंचीधाम में पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा
कैंचीधाम क्षेत्र में चल रहे पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट सुनिश्चित किए जाएं।
यहां बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे, पैदल पुल और फैसिलिटेशन सेंटर सहित कई परियोजनाएं विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माणाधीन हैं।
मालरोड में भू-धंसाव रोकने के कार्यों की भी समीक्षा
मुख्य सचिव ने नैनीताल मालरोड पर भू-धंसाव की रोकथाम के लिए चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान आयुक्त कुमाऊं, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।