खटीमा: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित उत्तराखंड की तीन बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई में किच्छा निवासी शांभवी तिवारी, काशीपुर निवासी प्रिया चौहान और भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल से संवाद कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों बेटियों की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, अनुशासन और कठोर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत कर बधाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) पर्वतारोहण अभियान में टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व करने पर लता बिष्ट को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी और प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।