टनकपुर/चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी सौगात दी है। टनकपुर स्थित उपजिला चिकित्सालय से मुख्यमंत्री ने एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस के शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में उन्नत और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और कम समय में पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में आधुनिक फेकोइमल्सीफिकेशन (Phacoemulsification) मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन के लगने से अब मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों का उपचार आधुनिक तकनीक के जरिए स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा और विशेष रूप से बुजुर्गों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
बताया गया कि यह एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस बहल पेपर मिल्स लिमिटेड, काशीपुर द्वारा सीएसआर के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस है, जो हृदय रोग, दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का निरीक्षण भी किया और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का भी दौरा किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा, त्वरित उपचार और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।