देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश की जनसमस्याओं को लेकर आयोजित ऐतिहासिक गैरसैंण विधानसभा भवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिस उत्साह के साथ हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों की राजधानी गैरसैंण में एकजुट हुए, वह प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचकर ऐतिहासिक विधानसभा घेराव कर धामी सरकार को चेताने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यह एकजुटता दर्शाती है कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और अलोकतांत्रिक कार्यशैली का जवाब देगी।
गोदियाल ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि हाल ही में हुए राजभवन घेराव के बाद विधानसभा घेराव के इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से मुक्ति दिलाकर कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश की बागडोर सौंपेगी और शहीदों व आंदोलनकारियों का गैरसैंण राजधानी का सपना साकार होगा।