विश्व दंत चिकित्सक दिवस: स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है अच्छी ओरल हाइजीन
देहरादून: हर साल 6 मार्च को दुनियाभर में World Dentist Day मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को दांतों और मुँह के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा दंत चिकित्सकों के योगदान को सम्मान देना है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्वस्थ दांत और मसूड़े केवल मुस्कान की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाते, बल्कि पूरे शरीर के स्वास्थ्य से भी गहराई से जुड़े होते हैं।
दंत चिकित्सकों के अनुसार, अधिकतर बीमारियों के शुरुआती लक्षण मुँह की ओरल कैविटी में ही दिखाई देने लगते हैं। इसलिए ओरल हाइजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
दांतों और मसूड़ों का स्वास्थ्य
नियमित रूप से ब्रश और फ्लॉसिंग करने से दांतों पर प्लाक जमा नहीं होता। इससे कैविटी, मसूड़ों की सूजन और संक्रमण जैसी समस्याओं से बचाव होता है।
पूरे शरीर के स्वास्थ्य से जुड़ा है मुँह
विशेषज्ञ बताते हैं कि मुँह का स्वास्थ्य पूरे शरीर का दर्पण होता है। खराब ओरल हेल्थ से हृदय रोग, स्ट्रोक, मधुमेह और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
सांसों की दुर्गंध से बचाव
दांतों के बीच फंसे भोजन के कण और बैक्टीरिया सांसों की बदबू का कारण बनते हैं। अच्छी ओरल केयर इस समस्या को दूर रखने में मदद करती है।
दांतों की मजबूती और लंबी उम्र
दांतों की सही देखभाल करने से वे लंबे समय तक मजबूत और स्वस्थ बने रहते हैं, जिससे दांत खोने की समस्या से बचा जा सकता है।
आत्मविश्वास और सुंदर मुस्कान
साफ और स्वस्थ दांत व्यक्ति की मुस्कान को आकर्षक बनाते हैं और सामाजिक जीवन में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
बेहतर ओरल हाइजीन के लिए सुझाव
• दिन में कम से कम दो बार ब्रश करें।
• दिन में एक बार फ्लॉस जरूर करें।
• मीठे और चिपचिपे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें।
• हर 6 महीने में दंत चिकित्सक से चेकअप अवश्य करवाएं।
• भोजन के बाद कुल्ला करने की आदत डालें।
दंत विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित देखभाल और समय-समय पर जांच से दांतों से जुड़ी अधिकांश समस्याओं को आसानी से रोका जा सकता है।
(संकलन: डॉ. पीयूष चौहान, दंत चिकित्सक, देहरादून)