- उत्तराखंड को व्यापार सुधार कार्ययोजना 2024 में मिला ‘टॉप अचीवर्स अवॉर्ड’, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया सम्मान
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को सचिवालय में उद्योग सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार सुधार कार्य योजना (Business Reform Action Plan – BRAP) 2024 के तहत प्राप्त ‘टॉप अचीवर्स अवॉर्ड’ भेंट किया।
यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तराखंड के उद्योग सचिव विनय शंकर पाण्डेय को प्रदान किया था।
यह पुरस्कार राज्य को व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस उपलब्धि को उत्तराखंड की व्यवसाय सुगमता (Ease of Doing Business) में नई छलांग बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान राज्य के सतत प्रयासों का परिणाम है।
सीएम धामी ने कहा, “उत्तराखंड ने सतत और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। ये सुधार न केवल निवेश को गति देंगे बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और समान विकास को भी मजबूत करेंगे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार सृजन का माध्यम बन रहा है। “बीआरएपी 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में उत्तराखंड का स्थान निवेशकों को आकर्षित करेगा और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाई देगा,” उन्होंने जोड़ा।
इस अवसर पर महानिदेशक उद्योग सौरव गहरवार भी उपस्थित रहे।