Uttarakhand News- केदारघाटी से सटे कई गांव में ग्रामीणों ने विवादित साइन बोर्ड लगाए

केदारघाटी से सटे कई गांव में ग्रामीणों ने विवादित साइन बोर्ड लगाए हैं। इन साइन बोर्ड में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इन साइन बोर्ड में लिखा है कि “यदि बाहरी लोग गैर हिंदू गांवों में प्रवेश करेंगे तो पांच हजार के अर्थदंड के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है”।

हाल ही राज्य के कई पहाड़ी जिलों में नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के कुछ मामलों में बाहरी युवकों के शामिल होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वे अब सीधे तौर पर बाहरी लोगों का विरोध करने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, केदारघाटी के सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक अभियान शुरू किया गया है। बाहरी लोगों के ग्रामीण इलाकों में प्रवेश पर पाबंदी के लिए बोर्ड लगाए जा रहे हैं। बजरंग दल हिन्द के राष्ट्रीय संरक्षक थानापति मणि महेश गिरी ने कहा कि केदारनाथ में कई बाहरी लोग व्यापार के लिए आते हैं।

अब ये लोग गांवों में भी पहुंच रहे हैं। केदारघाटी की ग्राम पंचायत रविग्राम, गौरीकुंड, त्रियुगीनारायण, न्यालसू, खड़िया, मैखण्डा सहित अन्य स्थानों पर बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी के बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों के लगने के बाद सोशल मीडिया में भी ये वायरल होने लगे हैं।

इधर, पुलिस अब इन साइन बोर्ड को हटाने की कार्यवाही कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर लगाए गए साइन बोर्ड से सामाजिक सौहार्द खराब हो रहा है। ऐसे बोर्ड हटवाए जा रहे हैं। ग्राम प्रधानों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि वे इस तरह से बोर्ड ना लगाएं। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *