उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवाओं को मिला राष्ट्रीय सम्मान, डॉ. आर. राजेश कुमार हुए पीआरएसआई अवॉर्ड से सम्मानित

उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और सुदृढ़ीकरण के लिए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें देहरादून में आयोजित समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ द्वारा प्रदान किया गया।

 

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आर. राजेश कुमार के नेतृत्व में उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था ने बीते कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। टेलीमेडिसिन, एयर एम्बुलेंस और डिजिटल हेल्थ सेवाओं के विस्तार से प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकी हैं।

 

सम्मान ग्रहण करते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि पहाड़ों और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

डॉ. आर. राजेश कुमार के नेतृत्व में राज्य में टेलीमेडिसिन सेवाओं का व्यापक विस्तार, एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि, नई डॉक्टर नियुक्तियां, तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मजबूत करने जैसे कई अहम फैसले लिए गए हैं। इन पहलों से उत्तराखंड की स्वास्थ्य प्रणाली को नई गति मिली है।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से उत्तराखंड ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में अपनी पहचान बनाई है। पीआरएसआई का यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य में किए जा रहे सतत नवाचारों और स्वास्थ्य सुधारों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *